Skip to main content

श्री नवलखा पार्श्वनाथ द्वार व गुरुवल्लभ द्वार का लोकार्पण किया राज्यसभा सांसद ओमप्रकाशजी माथुर ने

पाली/गोडवाड ज्योती: वल्लभ समुदाय के वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य श्रीमद विजय नित्यानंद सूरीश्वरजी म.सा. के शुभाशीर्वाद एवं उनकी सद्प्रेरणा एवं सेठश्री नवलचन्द सुप्रतचन्द जैन देवकी पेढ़ी के सहयोग से दिनांक 11 दिसम्बर 2016 को पाली शहर के पुराने बस स्टैंड पर जोधपुरी पत्थर पर आकर्षक नक्काशी कर तराशे गए भव्य नवनिर्मित श्री नवलखा पार्श्वनाथ द्वार, गुरु आत्म द्वार, गुरुवल्लभ द्वार का भव्य लोकार्पण समारोह प.पु. ज्ञानप्रभाकर, स्वर्ण संत, गोडवाड़ भूषण, विद्वान साहित्यकार, आचार्य श्रीमद विजय जयानन्द सूरीश्वरजी म.सा. (भोले बाबा) आदि ठाणा एवं शासनरत्ना तपोनिष्ठ साध्वीश्री अमितगुणाश्रीजी म.सा. (माताजी म.सा.) आदि ठाणा की पावन निश्रा में राज्यसभा सांसद श्री ओमप्रकाशजी माथुर के कर-कमलों से भव्यतापूर्वक संपन्न हुआ।
लोकार्पण समारोह से पूर्व समुद्र विहार उपाश्रय में पूज्य गुरुदेवश्री ने प्रवचन के दौरान कहा कि समाज का कोई भी व्यक्ति शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक रूप से वंचित हो इसलिए प्रतिदिन चिंतन करता हूं। इसी तरह समाज के सभी लोगों को भी समाज के उत्थान को लेकर चर्चा करनी चाहिए। समाज का विकास शिक्षा से ही संभव है इसलिए समाज के बच्चों को शिक्षा प्रदान करवाने के लिए माता-पिता को पीछे नही हटना चाहिए। प्रवचन व मांगलिक पश्चात सकल चतुर्विध श्रीसंघ गाजते-बाजते समुद्र विहार से कार्यक्रम स्थल पहुंचा, जहाँ सांसद ओमजी माथुर ने द्वार का उदघाटन किया| इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक मदन राठौड़, विधायक ज्ञानचंद पारख, विधायक संजना आगरी, नगर परिषद चेयरमैन महेंद्र बोहरा भी उपस्थित थे। प्रवेश द्वार के पास साधु साध्वियों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लाभार्थी परिवार का तिलक, श्रीफल, माला पहनाकर अभिनन्दन किया गया। सभापति महेंद्र बोहरा ने बताया कि इन द्वारों पर आकर्षक लाइटिंग के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाएं जाएंगे ताकि पुराना बस स्टैंड पर होने वाली गतिविधियां कैमरों में कैद हो सके।



Comments