Skip to main content

नोटबंदी ने सात दिन में कर दिया मालामाल

बिजली निगम 10 नवम्बर से लेकर अब तक डिस्कॉम के पास करीब 28 करोड़ का राजस्व आ गया है। इसमें करीब 40 प्रतिशत राशि तो एेसी है जो कि कई सालों से बकाया थी और डिस्कॉम इसकी उगाही के लिए कई प्रयास कर चुका था। तीन दिन अभी पुराने नोट लेना बाकी है। एेसे में यह राशि करीब 40 करोड़ को पार करने की संभावना है। यह राशि पूरे माह के राजस्व के बराबर है।

परिवहन विभाग एेसे वाहन जिनके करीब 4-5 साल से टैक्स बकाया थे वे आकर परिवहन विभाग में भुगतान कर रहे हैं। आरटीओ रेंज पाली में मात्र चार दिन के कलेक्शन में 7.5 करोड़ रुपए जमा हो गए हैं। इसमें अकेले पाली जिले का अंश 3.3 करोड़ रुपए है। खास बात यह है कि अगले तीन दिन में यह राशि 10 करोड़ से अधिक पहुंचने का अनुमान है। बकाया टैक्स के मामले में कई दिनों का राजस्व परिवहन विभाग एकत्रित कर लेगा।

नगर परिषद 
आर्थिक तंगहाली से जूझ रही नगर परिषद के लिए तो नोटबंदी जैसे वरदान साबित हो रही है। कई सालों से बकाया नगरीय विकास कर और अन्य मदों में नगर परिषद के काफी पैसा आ गया है। 5 दिन हुए नगर परिषद पुराने नोट ले रहा है इस अवधि में 80 लाख का राजस्व नगर परिषद के खाते में आ गया है। आगामी तीन दिन में यह राशि डेढ़ करोड़ से अधिक होने की उम्मीद है, जो कि तंगहाल नगर परिषद के लिए बड़ी उम्मीद है।
पाली. काला धन पर की गई प्रधानमंत्री की सर्जिकल स्ट्राइक की हर ओर चर्चा है। बैंक की कतारों में खड़े लोग और कुछ लोग अपने आप को परेशान बता रहे हैं। लेकिन इसका दूसरा पहलू यह है कि अकेले पाली जिले में मात्र 7 दिन में इस नोटबंदी के कारण ही 30 करोड़ की राशि एकत्रित कर ली गई है। अभी तीन दिन का समय और है। इसमें राशि डेढ़ गुना होने की उम्मीद है। एक और खास बात यह भी है कि इसमें अधिकांश विभागों के पास सालों से बकाया राशि भी आ गई है।

पुराने नोटों को चलाने का जुगाड़

बैंकों में पुराने नोट एक्सचेंज करने और जमा करवाने के लिए भीड़ लगी है। एेसे में लोगों ने घरों में पड़े पुराने नोटों को जमा करवाने का नया तरीका निकाला है। कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने पुराने नोट से कई साल पुराने बकाया बिजली के चुकाए हैं। परिवहन विभाग में एेसे वाहन पहुंच रहे हैं जिन्होंने खरीदने के बाद से कभी टैक्स ही जमा नहीं करवाया।

एडवांस की फिराक में

कई लोग डिस्कॉम और परिवहन विभाग में एडवांस राशि का जुगाड़ लगाते भी दिख रहे हैं। लेकिन सरकार ने अपने निर्देश में यह स्पष्ट किया है कि पुराने नोट सिर्फ बकाया बिल चुकाने के लिए होंगे।

नोटबंदी के बाद काफी राजस्व में सुधार हुआ है। अंतिम तीन दिन में और राजस्व आने की उम्मीद है।

- घनश्याम चौहान, अधीक्षण अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम पाली।

बकाया टैक्स काफी आया है। ट्रैक्टर का तो टैक्स ही घटा दिया गया है। एेसे में लोगों को आगामी दिनों में और टैक्स जमा करवाना चाहिए।

- प्रवीणा चारण, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, पाली।

यूडी टैक्स व अन्य मदों में लोग पुराने नोट जमा करवा रहे हैं। जितना राजस्व आया है उतना ही अभी और आने की उम्मीद है।

- महेन्द्र बोहरा, सभापति, नगर परिष पाली।

Comments